Navin Joshi’s show of strength in Cantt:
देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित परिवर्तन महासम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी देखने को मिली। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व राज्य मंत्री एवं उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी की ओर से किया गया। सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और जनता से निरंतर संवाद पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता से काम करने की आवश्यकता है।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से चुनावी अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।
वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कैंट विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जाने की अपील की।
कैंट से दावेदारी का संदेश
कार्यक्रम के आयोजक नवीन जोशी ने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति कैंट विधानसभा क्षेत्र में संगठन की सक्रियता और जनता से जुड़ाव को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से कैंट विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुःख और क्षेत्र की समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के समक्ष कैंट विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी मजबूती से प्रस्तुत करने की बात कही।
नवीन जोशी ने कहा कि आने वाले समय में कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचकर जनसंवाद को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने परिवर्तन और विकास के संकल्प के साथ जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की बात कही।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ट्विंकल अरोड़ा, वैभव राजेंद्र शाह, प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, गरिमा मेहरा दसौनी, रामकुमार वालिया, लालचंद शर्मा, दीप वोहरा, जसविंदर सिंह गोगी, संगीता गुप्ता, कोमल वोहरा, अभिषेक तिवारी, जितेंद्र तनेजा, राजीव प्रजापति, राजीव पुंज, राजेश शर्मा, दीवान सिंह बिष्ट, संजय भारती, विमलेश, अनिता दास, रामकुमार थपलियाल, वीरेश कुमार, सुशीला बेलवाल, दानिश खान, मधु देवी, शोएब, जगदीश धीमान, मंजू त्रिपाठी, अजीत शर्मा, संजय शर्मा, मदन लाल, पिया थापा और संग्राम पुंडीर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन दीप वोहरा और गोपाल सिंह गड़िया ने किया। सम्मेलन के समापन पर नवीन जोशी ने कार्यक्रम में पहुंचे वरिष्ठ नेताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।









