युवा आयोग और अग्निवीर सेल के गठन की जानकारी, देहरादून में बनेगी देश की पांचवीं साइंस सिटी; हर जिले में टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित करने पर जोर
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित ‘युवा विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1,400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, पलायन, अग्निवीर योजना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में नई सोच, रचनात्मकता और कुछ नया करने का उत्साह है। सरकार युवाओं के सुझावों को नीति और विकास की दिशा में उपयोगी मानती है।
शिक्षा और तकनीक पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क के विस्तार के साथ छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके साथ ही STEM लैब्स, साइंस एवं इनोवेशन गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा देने की बात कही।
युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े: धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवा केवल जॉब सीकर बनने के बजाय जॉब क्रिएटर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। इसके लिए स्टार्टअप, नवाचार और डिमांड-बेस्ड स्किल्स को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसरों के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए राज्य में औद्योगिक एवं रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य युवाओं को राज्य में ही शिक्षा, कौशल और रोजगार के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है।
युवा आयोग और अग्निवीर सेल पर जानकारी
संवाद के दौरान छात्र शौर्य के सवाल पर मुख्यमंत्री ने युवा आयोग को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद रोजगार के अवसरों से जोड़ने और सरकारी सेवाओं से संबंधित मार्गदर्शन देने की दिशा में काम करेगा।
वहीं, छात्रा चंद्रा के अग्निवीरों के भविष्य से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।
AI को चुनौती के साथ अवसर भी बताया
छात्रा खुशी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि AI चुनौती के साथ एक अवसर भी है। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में हो रहे नए शोधों से परिचित रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक ने कई कठिन कार्यों को आसान बनाया है और आने वाले समय में युवाओं के लिए इसके क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का दावा
छात्रा प्रभजोत के भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो नागरिक टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने और शिकायतों की जांच के लिए व्यवस्था की गई है।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार भी प्रभावित होता है। उन्होंने युवाओं से अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
‘सपनों का उत्तराखंड’ पर विद्यार्थियों से संवाद
छात्र दक्ष के ‘सपनों का उत्तराखंड’ से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाने की दिशा में काम कर रही है जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए पलायन न करना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं के विस्तार तथा किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध करा सकती है, लेकिन इन अवसरों को सफलता में बदलने के लिए युवाओं की मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को मेहनत, पढ़ाई और अपने लक्ष्यों के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फ़रजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









