देहरादून। पश्चिम पटेलनगर के गुरु रोड में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रीय गणपति महोत्सव समिति की ओर से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की विधिवत स्थापना की गई। पूजा-अर्चना और आरती के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने धर्मपत्नी डॉ. पिंकी धस्माना और समिति की अध्यक्षा जया गोलानी के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना एवं आरती की।
‘सनातन परंपरा में गणपति का प्रथम स्थान’
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि सनातन धर्म में किसी भी शुभ कार्य का शुभारंभ भगवान गणेश की पूजा से किया जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को प्रथम पूज्य माने जाने की परंपरा स्वयं भगवान शिव से जुड़ी हुई है।
धस्माना ने कहा कि भगवान गणेश के स्मरण मात्र से विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर अगले दस दिनों तक देशभर में श्रद्धालु भगवान गणेश की आराधना में लीन रहेंगे।
गणेश उत्सव के बाद शुरू होगा त्योहारों का सिलसिला
धस्माना ने कहा कि गणेश विसर्जन के बाद सनातन परंपरा के अनुसार पितृ पक्ष का क्रम शुरू होगा। इसके बाद नवरात्र, दशहरा, दीपावली और गोवर्धन पूजा सहित विभिन्न पर्वों का सिलसिला आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर सभी मिलकर भगवान श्री गणेश से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं सर्वकल्याण की प्रार्थना करें।
बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
गणपति महोत्सव में क्षेत्र के लोगों के साथ बड़ी संख्या में युवा और मातृशक्ति भी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में अशोक गोलानी, डॉ. प्रतिमा सिंह, बलजीत कौर, किरण, ज्योति, मधु, ममता, गीता, सौरभ, दिव्यांश, सचिन, निखिल, रंजीत, राजेंद्र, जगदीश, गौरव, विशाल, अरुणा, अर्नव, अभिनव और अंगद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










