केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण से पहले गणेश जोशी ने परखी तैयारियां, बोले—श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

👇खबरें सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

Kedarnath Yatra: रुद्रप्रयाग, 14 सितम्बर। मानसून के बाद श्री केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली संभावित संख्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठक कर श्री केदारनाथ धाम यात्रा की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में यात्रा मार्ग, पैदल मार्ग, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, खाद्य सामग्री, गैस सिलेंडर, परिवहन समेत श्रद्धालुओं से जुड़ी अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों की जानकारी ली गई। प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहते हुए आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

यात्रा मार्ग और पैदल मार्ग की नियमित निगरानी के निर्देश

गणेश जोशी ने कहा कि मानसून के बाद केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में यात्रा मार्ग और पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और जहां भी व्यवस्थाओं में कमी मिले, उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने प्रभारी मंत्री को जनपद में यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों की टीमें यात्रा मार्ग एवं पैदल मार्ग का नियमित निरीक्षण कर रही हैं और मानसून के कारण प्रभावित हुई व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान प्रत्येक विभागीय टीम शौचालयों की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का भी अनिवार्य रूप से जायजा ले। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। शौचालयों में पर्याप्त पानी, सफाई सामग्री और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

खाद्य सामग्री और गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए गणेश जोशी ने पूर्ति विभाग को यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक खाद्य सामग्री तथा गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और उपलब्धता की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर पर्याप्त दवाइयां और उपकरण रहें उपलब्ध

चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सा केंद्रों और मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर आवश्यक दवाइयां, उपकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहनी चाहिए।

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा टीमों को पूरी तरह तैयार रखने के साथ ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

“केदारनाथ यात्रा उत्तराखंड की पहचान और अर्थव्यवस्था से जुड़ी”

गणेश जोशी ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान और अर्थव्यवस्था से भी जुड़ी है। इसलिए यात्रा से जुड़े प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, पैदल मार्गों और अन्य सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, उसे तत्काल चिह्नित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि यात्रा के द्वितीय चरण में श्रद्धालुओं की संभावित वृद्धि को देखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें। उन्होंने नियमित फील्ड निरीक्षण और लगातार मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्यमंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

The7news
Author: The7news

और पढ़ें

[the_ad_group id="44"]