Congress raises questions ranging from the voter list to the election process
देहरादून, 30 सितम्बर 2026। उत्तराखंड में मतदाता सूची के पुनरीक्षण और विभिन्न स्तरों पर होने वाली चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर कांग्रेस ने कई सवाल उठाए हैं। मंगलौर विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन ने बुधवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र में जनता के विश्वास की बुनियाद हैं और प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।
काज़ी निज़ामुद्दीन ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण से लेकर स्थानीय निकाय, सहकारिता और छात्र संघ चुनावों तक विभिन्न मामलों में ऐसी शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच और स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। निज़ामुद्दीन के मुताबिक कांग्रेस की प्रमुख चिंता यह है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
नाथूनखेड़ी ग्राम प्रधान चुनाव का मामला उठाया
पत्रकार वार्ता में काज़ी निज़ामुद्दीन ने हरिद्वार जिले के नारसन ब्लॉक की ग्राम पंचायत नाथूनखेड़ी के प्रधान चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि सुशील कुमार पहले 22 मतों से विजयी हुए थे, लेकिन कई बार मतगणना के बाद परिणाम बदल गया और उन्हें एक वोट से पराजित घोषित किया गया। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की चुनावी पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए।
मंगलौर नगर पालिका के नामांकन विवाद का भी जिक्र
निज़ामुद्दीन ने मंगलौर नगर पालिका से जुड़े चौधरी इस्लाम के मामले का उल्लेख करते हुए दावा किया कि नज़ूल भूमि से संबंधित शिकायत के आधार पर उनका नामांकन रद्द किया गया। कांग्रेस विधायक का कहना था कि शिकायत की पर्याप्त जांच और संबंधित पक्ष को सुनवाई का पूरा अवसर दिए जाने की जरूरत थी।
उन्होंने सहकारिता चुनावों में परिसीमन का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि परिसीमन अधिसूचित होने के बाद उसमें बदलाव किया गया और बदली हुई व्यवस्था के आधार पर चुनाव कराए गए। उन्होंने इस प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए।
DAV छात्र संघ चुनाव और गिरफ्तारी के समय पर सवाल
डीएवी पीजी कॉलेज छात्र संघ चुनाव का उल्लेख करते हुए काज़ी निज़ामुद्दीन ने छात्र नेता विनीत भट्ट की गिरफ्तारी के समय पर भी सवाल उठाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी आपराधिक मामले का समर्थन नहीं करती, लेकिन यदि मुकदमा पहले से दर्ज था तो गिरफ्तारी चुनाव के समय ही क्यों हुई, इसका जवाब सामने आना चाहिए।
मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस की चिंता
मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर निज़ामुद्दीन ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के दौरान यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूट न जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएगी।
काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और मतदाता को अपनी पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने का अधिकार है। चुनावी व्यवस्था में जनता का भरोसा बनाए रखना संवैधानिक और प्रशासनिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने भाजपा से भी अपील की कि युवाओं और आम मतदाताओं के बीच लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए सभी पक्षों को मिलकर काम करना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, माइनॉरिटी डिपार्टमेंट चेयरमैन सुलेमान अंसारी, सोशल मीडिया चेयरमैन अभिनव थापर, पूर्व पालिका अध्यक्ष इस्लाम अंसारी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।









