भाजपा कोर कमेटी में राज्यसभा सीट के संभावित उम्मीदवारों पर मंथन, पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी तय

👇खबरें सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

BJP Core Committee deliberates on potential Rajya Sabha candidates:

देहरादून, 25 सितंबर। भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के संभावित उम्मीदवारों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सामने आए नामों पर विचार के बाद उम्मीदवारों का अंतिम पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन को सौंपी गई।

 

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक की शुरुआत नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा के औपचारिक स्वागत और अभिनंदन के साथ हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित कोर कमेटी के सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

करीब दो दर्जन नामों पर चर्चा

बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने के चलते रिक्त होने वाली सीट के लिए करीब दो दर्जन नामों पर चर्चा हुई। उनके अनुसार, संभावित नामों में महिला, अनुसूचित जाति-जनजाति, युवा और अन्य वर्गों से जुड़े दावेदार शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि चर्चा के बाद 3 या 5 नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन को दी गई है। अंतिम उम्मीदवार का चयन आगे की पार्टी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान की भी समीक्षा

बैठक में भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उत्तराखंड में चल रहे कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अब तक आयोजित कार्यक्रमों और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई तथा अभियानों को अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया गया।

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा

कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर भी मंथन हुआ। शक्ति केंद्रों की सक्रियता, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और पन्ना प्रमुखों की भूमिका को प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं का संदेश जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

The7news
Author: The7news

और पढ़ें

[the_ad_group id="44"]