उत्तराखंड में रेस्क्यू ऑपरेशन की CM धामी ने संभाली कमान, 179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स की सुरक्षित वापसी पर फोकस

👇खबरें सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

CM Dhami takes charge of the rescue operation in Uttarakhand

देहरादून। दिल्ली प्रवास से लौटते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क पहुंचे और उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स एवं माउंटेनियर्स के राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की ताजा स्थिति की जानकारी लेते हुए फंसे प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उत्तरकाशी और पिंडारी में 179 लोग फंसे

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान कुल 179 ट्रैकर्स एवं माउंटेनियर्स के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इनमें 136 लोग उत्तरकाशी और 43 लोग बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में चल रहे रेस्क्यू अभियान की विशेष जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार उत्तरकाशी में फंसे 136 लोगों में से 40 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से इनकार करते हुए अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है। शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सुबह 6 बजे से अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।

8 हेलीकॉप्टर तैनात, हेली एंबुलेंस स्टैंडबाय

रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर हवाई संसाधनों का तत्काल इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय रखने को कहा, ताकि रेस्क्यू के दौरान किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता की जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से भी फोन पर मौके की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने रेस्क्यू टीमों को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और अभियान की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों के साथ-साथ उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और ट्रैकर्स की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने को कहा।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की वर्तमान व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यात्रा मार्गों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्थायी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि धामों और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधा को एक साथ ध्यान में रखते हुए टिकाऊ व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा की परिस्थितियों में सरकार का पूरा तंत्र तत्परता से काम करे और रेस्क्यू अभियान के दौरान किसी भी व्यक्ति की सुरक्षा में कोई कमी न रहे।

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप सहित आपदा प्रबंधन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

The7news
Author: The7news

और पढ़ें

[the_ad_group id="44"]