Rahul Gandhi will respond to the ‘voice of students’ through student union elections: Saurabh Thapliyal:
देहरादून। नगर निगम में आयोजित प्रेसवार्ता में मेयर सौरभ थपलियाल ने SIR को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी के बयानों पर निशाना साधा। उन्होंने चुनाव आयोग के 26 सितंबर के संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कहा कि आयोग की स्पष्टता के बाद विपक्ष द्वारा उठाए गए कई सवालों की वास्तविकता सामने आ गई है।
थपलियाल ने कहा कि उत्तराखंड में छात्र संघ चुनाव के जरिए राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में युवा कार्यकर्ता अपना जवाब दे चुके हैं और अब उत्तराखंड में भी युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अपनी बात रखेंगे।
मेयर ने SIR समेत चुनाव आयोग के फैसलों पर विपक्ष की आपत्तियों को लेकर कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयों पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखा गया पत्र किसी नीतिगत विषय या SIR से संबंधित नहीं था।
सौरभ थपलियाल ने एक अंग्रेजी दैनिक की रिपोर्ट का भी जिक्र करते हुए उसे तथ्यों से परे बताया। उन्होंने फॉर्म-6 और इससे जुड़े न्यायिक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों को शामिल करने की प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के अनुरूप है।
प्रेसवार्ता में उन्होंने राहुल गांधी द्वारा EVM, चुनावी प्रक्रिया और विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं को लेकर दिए गए पूर्व बयानों का भी जिक्र किया। इनमें EVM को ‘ब्लैक बॉक्स’ कहना, राफेल मामले और CAG रिपोर्ट को लेकर विवाद, बालाकोट एयर स्ट्राइक तथा तवांग प्रकरण से जुड़े बयान शामिल रहे। थपलियाल ने इन बयानों को संवैधानिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए विपक्ष की आलोचना की।
मेयर ने कहा कि चुनाव आयोग का उद्देश्य हर पात्र नागरिक को मताधिकार सुनिश्चित करना है। उन्होंने दावा किया कि रैन बसेरों, मजदूरों और बेघर लोगों के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जबकि छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर फॉर्म एकत्र कर रहे हैं।
अंत में सौरभ थपलियाल ने कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद कभी EVM, कभी चुनाव आयोग और कभी अन्य संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को आरोपों के बजाय तथ्यों और संवैधानिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए।










