Madan Kaushik issues strict directives: देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और ग्लेशियर झीलों से संभावित खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने सभी संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर प्रदेश में ग्लेशियर झीलों की स्थिति, बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को देखते हुए ग्लेशियरों और ग्लेशियर झीलों में हो रहे बदलावों की वैज्ञानिक निगरानी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्लेशियर झीलों के जलस्तर, आकार, जलभराव और अन्य बदलावों की निरंतर एवं रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निगरानी के लिए दुनिया में उपलब्ध अत्याधुनिक तकनीकों का अध्ययन कर आवश्यकता के अनुसार उनका इस्तेमाल किया जाए। इसके तहत सैटेलाइट इमेजरी, रिमोट सेंसिंग, ड्रोन और सेंसर आधारित निगरानी प्रणाली जैसी तकनीकों के उपयोग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित विभागों, विशेषज्ञ संस्थानों और तकनीकी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में अर्ली वार्निंग सिस्टम पर जोर
मदन कौशिक ने संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी असामान्य स्थिति की जानकारी समय रहते मिल सके और संभावित प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जनजीवन की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार अलर्ट रहना होगा।
बारिश, नदियों और भूस्खलन की स्थिति की समीक्षा
बैठक में प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने वर्षा की स्थिति, नदियों के जलस्तर, बंद सड़कों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों, राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ बिजली, पेयजल और संचार व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोला जाए। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पहले से पर्याप्त मशीनरी और तकनीकी दल तैनात रखे जाएं। संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी, पोकलैंड और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया।
जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रभावी जलनिकासी सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त पंप और अन्य उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। बिजली, पेयजल और संचार सेवाओं की बहाली को प्राथमिकता देने तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमें तत्काल भेजने को कहा गया।
नदियों के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी
मंत्री ने नदियों के जलस्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को लगातार जागरूक करने और खतरे की स्थिति में उन्हें समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया।
डैम और बैराजों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के लोगों को पहले से सूचना देकर सतर्क करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सीमावर्ती राज्यों को भी समय रहते अलर्ट करने के निर्देश दिए गए।
यात्रा संचालन मौसम और मार्ग की स्थिति देखकर
मदन कौशिक ने कहा कि यात्रा का संचालन मौसम और मार्ग की वास्तविक स्थिति को देखते हुए ही किया जाए। अत्यधिक बारिश या मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही उन्हें आगे भेजा जाए।
दूरस्थ क्षेत्रों में वैकल्पिक संचार व्यवस्था रहे तैयार
भारी बारिश या भूस्खलन के कारण संचार व्यवस्था बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक संचार प्रणाली तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में वैकल्पिक संचार व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया गया, ताकि राहत और बचाव कार्य प्रभावित न हों।
गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोगियों की विशेष निगरानी
मंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को समय रहते सुरक्षित स्थानों या चिकित्सा सुविधाओं वाले स्थानों तक पहुंचाने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर हेलीकॉप्टर सेवा का भी उपयोग किया जाए और किसी भी परिस्थिति में चिकित्सा सहायता के अभाव में जनहानि नहीं होनी चाहिए।
डेंगू रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर अभियान
बैठक में प्रदेश में डेंगू की रोकथाम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मदन कौशिक ने सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों को युद्धस्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जलभराव वाले स्थानों की तत्काल पहचान कर पानी की निकासी सुनिश्चित करने, नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा।
साथ ही जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू जांच किट, पर्याप्त दवाइयां, रक्त, बेड और चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सभी विभागों में बेहतर समन्वय के निर्देश
मदन कौशिक ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति समेत सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में खाद्यान्न, दवाइयों, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि सड़कें बंद होने की स्थिति में लोगों को परेशानी न हो।
बैठक में राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल (अप्रा.) रघुवीर सिंह भंडारी, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, जेसीईओ दिनेश कुमार पुनेठा सहित यूएसडीएमए के विशेषज्ञ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









