सेवा संकल्प अभियान को घर-घर पहुंचाने का भाजपा का संकल्प, धामी बोले—PM मोदी के जन्मदिन से बेहतर सेवा का अवसर नहीं

👇खबरें सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

BJP resolves to take the 'Seva Sankalp Abhiyan: देहरादून, 30 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान को उत्तराखंड में जन-जन तक पहुंचाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में रविवार को हरिद्वार रोड, कुआंवाला स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित कर उन्हें घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

अभियान के तहत देशभर में 17 सितंबर से और उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर से विभिन्न सेवा कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।

सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का बेहतर अवसर—धामी

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से मनाना संगठन की परंपरा रही है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और कल्याण के कार्यों को पहुंचाना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का इससे बेहतर अवसर नहीं हो सकता।

BJP resolves to take the ‘Seva Sankalp Abhiyan: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के सम्मान और युवाओं के लिए नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री धामी ने कार्यशाला के दौरान प्रदेश और देश के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रमों का भी जिक्र किया। उन्होंने वंदे मातरम् को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रगीत देश के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है और उत्तराखंड जैसे देवभूमि राज्य में भारत माता की स्तुति को लेकर किसी तरह का संकोच नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधा और कहा कि विपक्ष द्वारा युवाओं के रोजगार तथा नकल माफिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों में तथ्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तराखंड में हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

हल्द्वानी की घटना को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाया।

‘सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम’—कुलदीप चहल

अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन और कार्यशैली से यह साबित किया है कि सत्ता शक्ति हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘सेवा, सेवा और सेवा’ के भाव के साथ मनाने जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यक्रमों को प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और घर तक पहुंचाना है।

चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवा संकल्प अभियान प्रदेश में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सेवा अभियान में भी अव्वल रहेगा उत्तराखंड संगठन—महेन्द्र भट्ट

BJP resolves to take the ‘Seva Sankalp Abhiyan: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा गरीबों के कल्याण, युवाओं में आत्मविश्वास पैदा करने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सबसे बड़ा उत्सव सेवा का उत्सव है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सेवा का संकल्प लेकर अभियान को प्रभावी बनाना चाहिए और प्रधानमंत्री का जन्मदिन आम लोगों के बीच सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना चाहिए।

भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि जिस तरह राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में उत्तराखंड भाजपा का संगठन बेहतर प्रदर्शन करता रहा है, उसी तरह सेवा संकल्प अभियान में भी प्रदेश संगठन देश में अग्रणी रहेगा।

एक माह तक चलेंगे विभिन्न सेवा कार्यक्रम

प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने कार्यशाला में एक माह तक चलने वाले सेवा अभियान की विस्तृत रूपरेखा पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की।

अभियान के तहत प्रदेश में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आशीर्वाद का दिया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।

‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से आगे बढ़ रहा देश—अजय टम्टा

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव से जुड़ी उनकी 25 वर्षों की शासन यात्रा सेवा को समर्पित रही है।

उन्होंने कहा कि पहले गरीबी हटाने के नाम पर केवल नारे दिए जाते थे, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबी को दूर करने के लिए योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया है।

कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी, भरत चौधरी, विधायक विनोद चमोली, सहदेव पुंडीर, बृजभूषण गैरोला, प्रेमचंद अग्रवाल, आदेश चौहान, मोहन बिष्ट, महंत दिलीप रावत सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी और अभियान टोली के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

The7news
Author: The7news

और पढ़ें

[the_ad_group id="44"]