Congress protest: देहरादून। चीनी की बढ़ती कीमतों और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।![]()
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण से वाहन उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण पेट्रोल वाहनों के इंजन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
एथेनॉल नीति को लेकर केंद्र पर निशाना
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि एथेनॉल गन्ने से तैयार होता है और एथेनॉल उत्पादन बढ़ने से गन्ने की उपलब्धता तथा चीनी उत्पादन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसके चलते चीनी की कीमतों में तेजी आई है और आम उपभोक्ता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
Congress protest: धस्माना ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों से लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की परेशानियां बढ़ाई हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमत और चीनी के बढ़ते दाम दोनों का सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ रहा है।
प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। उन्होंने ऐलान किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में मिलावटी पेट्रोल और महंगी चीनी के खिलाफ प्रदेश के सभी जनपदों, शहरों, ब्लॉकों और न्याय पंचायत स्तर तक प्रदर्शन एवं धरने आयोजित किए जाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए ईसी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, पार्षद संगीता गुप्ता, पार्षद मुकीम अहमद, पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर, पूर्व पार्षद राजेश उनियाल, पूर्व पार्षद इलियास अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।











