MDDA's 114th Board Meeting- देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर और आसपास के क्षेत्रों के नियोजित विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे।
लैण्ड पूलिंग योजना को मिलेगी नई रफ्तार
MDDA’s 114th Board Meeting- बैठक की शुरुआत एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसे बोर्ड ने अनुमोदित किया। इसके पश्चात 114वीं बैठक की कार्यवाही शुरू हुई। बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे भविष्य में इस योजना को गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
MDDA’s 114th Board Meeting- बोर्ड बैठक में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। होटल, पर्यटन इकाइयों, रिटेल आउटलेट, औद्योगिक भवन, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से जुड़े विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। बोर्ड ने सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में निवेश, रोजगार के अवसर और आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा।
नियोजित और पारदर्शी विकास पर जोर
MDDA’s 114th Board Meeting- बैठक में स्पष्ट किया गया कि एमडीडीए का उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में सुनियोजित और संतुलित विकास को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य के तहत सभी प्रस्तावों की तकनीकी एवं नियामकीय समीक्षा के बाद उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई, ताकि विकास कार्य निर्धारित मानकों और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ सकें।
क्या बोले उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी
MDDA’s 114th Board Meeting- एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए फैसले क्षेत्र के संतुलित और नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति मिलने से निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। प्राधिकरण गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
MDDA’s 114th Board Meeting- एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से पूरा करते हुए विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाए जाएंगे। बैठक के अंत में अध्यक्ष आनन्द स्वरूप ने सभी बोर्ड सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।









