SIR के बाद उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची जारी, अब 71.59 लाख मतदाता; 1.29 लाख नए नाम जुड़े

👇खबरें सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

Uttarakhand's final electoral roll released after SIR:

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अंतिम सूची के अनुसार प्रदेश में अब कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर यह विशेष पुनरीक्षण अभियान 8 जून से शुरू किया गया था। अभियान के दौरान मतदाता सूची के सत्यापन, दावे-आपत्तियों और उनके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब अंतिम आंकड़े सामने आए हैं।

79.60 लाख से घटकर 71.59 लाख हुई संख्या

SIR अभियान की शुरुआत में उत्तराखंड में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। गणना फार्म के वितरण और संकलन के बाद 14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट सूची में 71,33,785 मतदाता शामिल किए गए।

इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। 13 अगस्त से 28 सितंबर तक इनका निस्तारण किया गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।

1.29 लाख नए मतदाता जुड़े

अंतिम सूची के अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 1,29,872 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि नियमानुसार 1,04,708 नाम हटाए गए हैं।

प्रदेश में अब कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं।

युवा और वरिष्ठ मतदाताओं की भी बड़ी संख्या

अंतिम मतदाता सूची में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 युवा मतदाता शामिल हैं। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाताओं के नाम भी सूची में दर्ज हैं।

ऑनलाइन देख सकेंगे अपना नाम

मतदाता अंतिम सूची में अपना नाम ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर सूची उपलब्ध कराई गई है।

इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जिनका नाम छूट गया, उनके लिए भी रास्ता खुला

अंतिम सूची में किसी कारण से नाम शामिल नहीं हो पाने वाले पात्र नागरिकों के लिए आवेदन का विकल्प उपलब्ध रहेगा। ऐसे लोग फॉर्म-6 के माध्यम से नए नाम के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा ECI Net ऐप के जरिए उपलब्ध रहेगी, जबकि BLO के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन भी किया जा सकेगा।

इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे और BLO को घर-घर जाकर लोगों को आवश्यक जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या है पूरा आंकड़ा?

कुल मतदाता: 71,58,949
पुरुष: 37,37,701
महिला: 34,21,036
थर्ड जेंडर: 212
नए जुड़े मतदाता: 1,29,872
विलोपित नाम: 1,04,708
मतदेय स्थल: 12,543
18-19 आयु वर्ग: 72,656
80+ आयु वर्ग: 1,22,892

उत्तराखंड में SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अंतिम मतदाता सूची सार्वजनिक हो गई है। पात्र नागरिकों को अपना नाम जांचने और आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने का अवसर भी दिया गया है।

The7news
Author: The7news

और पढ़ें

[the_ad_group id="44"]