सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत’ थीम के साथ मनाया गया जीएसटी दिवस-2026, उत्कृष्ट करदाताओं और अधिकारियों को किया गया सम्मानित

👇खबरें सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

GST Day 2026- केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) आयुक्तालय, देहरादून ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के सफलतापूर्वक नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आईआरडीटी सभागार में जीएसटी दिवस-2026 का आयोजन किया। इस वर्ष कार्यक्रम “सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत” थीम पर आयोजित किया गया, जिसमें जीएसटी को देश की कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी और करदाता-अनुकूल बनाने वाला ऐतिहासिक सुधार बताया गया।

GST Day 2026- मुख्य अतिथि उत्तराखंड शासन के सचिव (वित्त) दिलीप जावलकर ने कहा कि जीएसटी ने “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार” की अवधारणा को सफलतापूर्वक साकार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सरलीकरण एवं समाधान” के विजन का उल्लेख करते हुए करदाताओं और कर प्रशासन के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी हितधारकों से आगामी वर्षों में भी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ बेहतर कर अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

GST Day 2026- सीजीएसटी आयुक्त, देहरादून डॉ. अशोक कुमार पाण्डे ने अपने स्वागत संबोधन में केंद्र और राज्य जीएसटी प्रशासन के बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि स्वैच्छिक कर अनुपालन के माध्यम से करदाता राष्ट्र निर्माण और राजस्व संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

वहीं जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण, देहरादून के तकनीकी सदस्य अमंद शाह और न्यायिक सदस्य राजेश जैन ने प्राधिकरण के कार्यारंभ की जानकारी देते हुए करदाताओं से अपनी अपीलें देहरादून स्थित जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण में प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

GST Day 2026- कार्यक्रम में उत्कृष्ट कर अनुपालन और राजस्व वृद्धि में उल्लेखनीय योगदान के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (रुड़की), नेस्ले इंडिया लिमिटेड (रुद्रपुर) और भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (हरिद्वार) को सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में लक्ष्मी मिश्रा के नेतृत्व में जे.एम.एस. संगीत अकादमी के कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।

अंत में संयुक्त आयुक्त श्रिया गुप्ता ने सभी अधिकारियों, उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया।

The7news
Author: The7news

और पढ़ें

[the_ad_group id="44"]