people should not have to make repeated rounds of government offices: CM Dhami.
सेवा संकल्प अभियान के तहत देहरादून में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण; लाभार्थियों को बांटी कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट और महालक्ष्मी व किशोरी किट
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी एवं किशोरी किट वितरित कीं।
शिकायतों का समय पर निस्तारण हो सुनिश्चित
शिविर में अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों के समाधान में समय लगना स्वाभाविक है, उनमें शिकायतकर्ता को प्रक्रिया और संभावित समयसीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए। इससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा और शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत होगा।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान में 6.5 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाना, जनभागीदारी बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रदेश में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की। इस अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ ही पात्र नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार की प्राथमिकता है कि प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचे, उनकी समस्याओं को समझे और उनका समाधान सुनिश्चित करे।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य केवल विभागीय स्टॉल लगाना नहीं, बल्कि सरकारी सेवाओं और सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है। इन शिविरों में लोगों की समस्याएं सुनने के साथ ही संबंधित विभागों को मौके पर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों को योजनाओं की जानकारी दें और पात्रता के अनुसार उन्हें लाभ दिलाने में सहयोग करें।
उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बीमारियों की समय पर पहचान हो सके और जरूरतमंद लोगों को उचित उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
इसके साथ ही उन्होंने प्रमाणपत्र, पेंशन, राशन कार्ड और अन्य सरकारी सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को सरकारी कामकाज के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जनसेवा की अपील
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे बहुउद्देशीय शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखें और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से भी जनसेवा की भावना के साथ काम करने तथा शिविरों को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनता के प्रति सरकार की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। जनभागीदारी, पारदर्शिता और सुशासन के माध्यम से ही विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त देहरादून आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।









