Congress holds protest on Ankita Bhandari's:
ऋषिकेश/यमकेश्वर, 18 सितंबर। अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर शुक्रवार को गंगा भोगपुर तल्ला क्षेत्र में कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया और वनंतरा रिसॉर्ट तक न्याय मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने अंकिता मामले में लंबित सवालों, कथित वीआईपी कनेक्शन और जांच की प्रगति को लेकर सरकार से जवाब मांगा। वहीं, भाजपा ने भी अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देते हुए महिला अपराधों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता चीला बैराज के पास गंगा भोगपुर तल्ला क्षेत्र में एकत्र हुए। धरना स्थल पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी मामले की जांच और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता की मौत को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन कथित वीआईपी कनेक्शन को लेकर अभी भी सवाल बने हुए हैं। उन्होंने मामले की जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और इससे जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने की मांग की। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मामले के सभी दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के अनुसार सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि महिला सुरक्षा के मामले में उत्तराखंड आज सभी पर्वतीय राज्यों में पहले पायदान पर है और यह बेहद चिंताजनक है। सबसे अफसोसनाक बात यह है कि महिलाओं के खिलाफ अधिकांश अपराधों में भाजपा के पदाधिकारी व दायित्वधारी ही शामिल पाए जाते हैं और सरकार व संगठन उन्हें बचाने के लिए बेशर्मी से प्रशासन व पुलिस पर दबाव बनाते हैं।
कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी महिला सुरक्षा और अंकिता मामले को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वनंतरा रिसॉर्ट तक निकाला न्याय मार्च
धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में धरना स्थल से वनंतरा रिसॉर्ट तक न्याय मार्च निकाला। रिसॉर्ट के गेट पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
भाजपा ने गिनाई सरकार की कार्रवाई
दूसरी ओर, भाजपा ने अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए महिला अपराधों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की प्रतिबद्धता दोहराई।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुकृति गुसाईं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में न्यायिक प्रक्रिया के तहत अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषी आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पीड़ित परिवार की मांग के अनुरूप सीबीआई जांच के लिए कार्रवाई की और परिवार को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराई।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों से इस मामले पर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिवंगत अंकिता के सम्मान को ध्यान में रखते हुए सभी पक्षों को संवेदनशीलता के साथ मुद्दा उठाना चाहिए।
इस तरह अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर एक ओर कांग्रेस ने मामले से जुड़े लंबित सवालों और कथित वीआईपी कनेक्शन की जांच को लेकर सरकार को घेरा, वहीं भाजपा ने सरकार की ओर से की गई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए महिला अपराधों के खिलाफ सख्त रुख दोहराया।









