CM Dhami arrived at Badrinath Dham:
बदरीनाथ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने आस्था पथ सहित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा तथा बदरीनाथ धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक और पारंपरिक गरिमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक एवं पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही सुविधाओं से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ बदरीनाथ धाम की पारंपरिक पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक स्वरूप का संरक्षण भी प्राथमिकता है।
कथा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में भी प्रतिभाग किया।
कथा महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक हरिभक्त शामिल हुए। इस अवसर पर स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के महंत स्वामी देवप्रसाददास स्वामी, सद्गुरुवर्य धर्मवल्लभदास स्वामी सहित बड़ी संख्या में संत एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम की यात्रा अपने आप में एक विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति है। संतों और श्रद्धालुओं के बीच कथा महोत्सव में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है और यह भूमि सदियों से तप, साधना एवं आध्यात्मिक चेतना की साक्षी रही है।
तीर्थस्थलों के विकास के साथ गरिमा का संरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम, गंगा-यमुना, हिमालय और हेमकुंड साहिब सहित अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल देवभूमि की विशिष्ट पहचान हैं। सरकार का प्रयास है कि इन तीर्थस्थलों का विकास श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए, साथ ही उनकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा भी अक्षुण्ण रहे।
उन्होंने कहा कि संत समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी रहा है। इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजनों से सनातन परंपराओं, संस्कृति और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री हरक सिंह, माधव प्रसाद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, अरुण मैठाणी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।












