A pledge to take Ayurveda to every household:
आयुर्वेद दिवस पर मंत्री मदन कौशिक बोले—समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा आयुर्वेद, एकीकृत पाठ्यक्रम और कौशल विकास पर जोर
देहरादून, 23 सितंबर। उत्तराखंड में आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने और आयुष जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को निदेशालय, आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, उत्तराखंड में आयुर्वेद दिवस 2026 का आयोजन किया गया। “आयुर्वेद अपनाएं, स्वस्थ निरोगी जीवन पाएं” संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम में आयुर्वेद को आधुनिक शोध, नवाचार और कौशल विकास से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सचिव, आयुष एवं आयुष शिक्षा, उत्तराखंड शासन रंजना राजगुरु ने आयुर्वेद जीवनशैली को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे दीप प्रज्वलन एवं अतिथि सत्कार के साथ हुआ। निदेशक, आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, उत्तराखंड डॉ. आर.पी. सिंह ने स्वागत संबोधन दिया। इसके बाद विशेषज्ञों ने आयुर्वेद से जुड़े विभिन्न विषयों पर तकनीकी सत्रों के माध्यम से जानकारी साझा की।
विशेषज्ञों ने बताए आयुर्वेद के विभिन्न आयाम
तकनीकी सत्र में डॉ. अनुप गक्खड़ ने “जीवनशैली जनित विकारों में आयुर्वेद”, डॉ. प्रदीप भारद्वाज ने “रिसर्च एंड इनोवेशन इन आयुर्वेद”, वैद्य हर्ष सहगल ने “प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी इन आयुर्वेद”, डॉ. जे.एन. नौटियाल ने “आयुर्वेद में पंचकर्म का महत्व” तथा डॉ. राजीव कुरेले ने “धन्वंतरी पूजन—आयुर्वेद की शाश्वत परंपरा” विषय पर अपने विचार रखे।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे आयुर्वेद: मदन कौशिक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने आयुर्वेद को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय आयुर्वेद के विकास के लिए अनुकूल है और देश के विभिन्न राज्य इस दिशा में कार्य कर रहे हैं।
मंत्री ने चिकित्सा क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए निजी क्षेत्र में “आयुर्वेद शिक्षा बोर्ड” की स्थापना और एकीकृत पाठ्यक्रम तैयार किए जाने की बात कही। उन्होंने आयुर्वेद क्षेत्र से जुड़े लोगों के कौशल विकास के लिए निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने केरल सहित देशभर के इच्छुक प्रतिभागियों से इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि भारत सरकार आयुर्वेद को विभिन्न स्तरों पर प्रोत्साहित कर रही है और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मिलकर इस प्राचीन चिकित्सा पद्धति को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में राज्य औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी, उत्तराखंड की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद दिवस 2026 का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










