पंतनगर में द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, सीएम धामी ने कहा—‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में बढ़ रहा उत्तराखंड

👇खबरें सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

CM Dhami says Uttarakhand is moving towards 'Prosperity through Cooperation:

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया। कार्यक्रम का आयोजन सहकार भारती उत्तराखंड की ओर से किया गया।

मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक श्रद्धेय लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण होगा।

किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना है। सरकार सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय इसे ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सहकारिता के माध्यम से पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद मिल सकती है।

एम-पैक्स को बनाया जा रहा अधिक सक्षम

मुख्यमंत्री ने कहा कि पैक्स राज्य की सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बदलती जरूरतों के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एम-पैक्स के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने और ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण से नेतृत्व को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। उनके अनुसार, प्रशिक्षण केवल जानकारी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे नेतृत्व क्षमता, कार्यदृष्टि और नई सोच को भी विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

पंतनगर से सहकारिता को नई दिशा देने की पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर की ज्ञानभूमि से सहकारिता के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई हैं। इनमें सहकार ग्रंथ का लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ की पहल, सहकारिता से जुड़े नए पाठ्यक्रम, युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया रील्स अभियान और एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं।

उन्होंने इन पहलों के लिए सहकारिता विभाग, पंतनगर विश्वविद्यालय और सहकार भारती को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में आगे बढ़ाना है और इसके लिए सहकारिता के लाभ को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के कुलपति शिवेन्द्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

The7news
Author: The7news

और पढ़ें

[the_ad_group id="44"]