गौलापार में मुख्यमंत्री धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया भूमि पूजन, 150 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ पहला शैक्षणिक सत्र
A new chapter in Uttarakhand's sports history: हल्द्वानी, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के खेल जगत को बड़ी सौगात मिली। हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास और भूमि पूजन किया गया। इसी के साथ विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ हुआ, जिसमें करीब 150 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी देश और दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
A new chapter in Uttarakhand’s sports history: खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौलापार में स्थापित हो रहा खेल विश्वविद्यालय राज्य के युवाओं और खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देगा। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड के युवाओं को उच्चस्तरीय कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन और इंजरी रिकवरी जैसी सुविधाओं के लिए दिल्ली या विदेशों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें मंच उपलब्ध करा दिया है, अब खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश-दुनिया में तिरंगा फहराएं।
खिलाड़ियों को मिली प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि का डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में हस्तांतरण किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में वर्ष 2024-25 के देवभूमि खेल रत्न और देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार से उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और चेक प्रदान किए गए।
पहले बैच के विद्यार्थियों से रूबरू हुईं खेल मंत्री
शिलान्यास समारोह से पहले खेल मंत्री रेखा आर्या ने खेल विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने वाले करीब 150 विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक प्रथम बैच का हिस्सा बनने पर बधाई दी और उनकी आकांक्षाओं व सुझावों को जाना।
संवाद के दौरान बैचलर इन स्पोर्ट्स साइंस, बैचलर इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग के विद्यार्थियों से खेल मंत्री ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
A new chapter in Uttarakhand’s sports history: रेखा आर्या ने कहा कि आधुनिक खेल सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं हैं। बायोमैकेनिक्स, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, इंजरी प्रिवेंशन और स्पोर्ट्स मार्केटिंग जैसे क्षेत्र आज खेलों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के पाठ्यक्रम खिलाड़ियों के प्रदर्शन को वैज्ञानिक आधार देने के साथ-साथ खेल प्रशासन को भी पेशेवर बनाने में मदद करेंगे।
छात्रों में दिखा उत्साह
प्रथम बैच के विद्यार्थियों ने भी खेल मंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने कहा कि राज्य में आधुनिक स्पोर्ट्स साइंस लैब, अत्याधुनिक एथलेटिक ट्रैक, इंडोर कॉम्प्लेक्स और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सुविधा मिलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
खेल मंत्री ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल वैज्ञानिकों, फिजियोथेरेपिस्टों तथा अन्य विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का पहला बैच केवल पढ़ाई शुरू करने वाला बैच नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड के खेल इतिहास में एक नए युग की शुरुआत का साक्षी है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के सचिव डीके सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, खेल अधिकारी, प्रशिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।












