SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग, पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने को आर्येंद्र शर्मा ने चुनाव आयोग से की मुलाकात

👇खबरें सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

Aryendra Sharma met the Election Commission: देहरादून। सहसपुर क्षेत्र में चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सदस्य आर्येंद्र शर्मा ने चुनाव आयोग एवं संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने और प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Aryendra Sharma met the Election Commission: आर्येंद्र शर्मा ने अधिकारियों को सहसपुर के विभिन्न बूथों पर फॉर्म-7 के संभावित दुरुपयोग की शिकायतों से अवगत कराया। उन्होंने आशंका जताई कि पर्याप्त साक्ष्यों के बिना आपत्तियां दर्ज कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। किसी भी गलत या अनियमित प्रक्रिया के चलते किसी वैध मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। शर्मा ने बताया कि इस विषय को लेकर वह पूर्व में जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंप चुके हैं।

उन्होंने अधिकारियों के समक्ष यह भी दावा किया कि सहसपुर के विभिन्न बूथों पर कई फॉर्म-7 बिना EPIC नंबर के तथा निर्धारित साक्ष्यों के अभाव में दाखिल किए गए। उनके अनुसार, प्रशासन को समय रहते मामले से अवगत कराने के बाद साक्ष्यों के अभाव में कई आपत्तियां खारिज भी की गईं।

Aryendra Sharma met the Election Commission: आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि इससे यह आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है कि SIR प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक आपत्ति की निष्पक्ष जांच हो और निर्धारित नियमों के अनुसार ही सत्यापन किया जाए।

उन्होंने चुनाव आयोग एवं प्रशासन से मांग की कि जिन पात्र मतदाताओं की SIR प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनके नाम किसी भी गलत अथवा अनियमित प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची से न हटाए जाएं। साथ ही, यदि किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर गलत आपत्ति दर्ज कराए जाने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Aryendra Sharma met the Election Commission: शर्मा ने अधिकारियों से आग्रह किया कि SIR प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में मतदाताओं को पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराई जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जानी चाहिए, ताकि सहसपुर का कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न हो।

The7news
Author: The7news

और पढ़ें

[the_ad_group id="44"]