उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून में हॉल में ही हुई अर्जुन शर्मा और गैंगस्टर विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि शहर एक और हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। अब एक युवक की हत्या बेसबॉल के बैट से मारकर कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के दोस्तों पर लगा है। पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर, खाला (वसंत विहार) निवासी दिगंबर धीमान की कथित तौर पर उसके ही दोस्तो ने हत्या कर दी और शव को हरिद्वार की दिशा में ले जाकर ठिकाने लगा दिया। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक साल 2021 में दिगंबर के खिलाफ यौन उत्पीड़न से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। 9 फरवरी को उसकी विशेष अदालत में पेशी थी। पेशी के बाद वह अपने पिता के साथ घर लौटा, लेकिन शाम को पिता को घर भेजकर खुद नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया, वही किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घबराए आरोपितों ने टैक्सी बुक कर शव को हरिद्वार की ओर ले जाकर फेंक दिया। दिगंबर के घर न लौटने पर उसके पिता ने 11 फरवरी को वसंत विहार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। जाँच के दौरान पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों की जानकारी मिली, जिसके बाद एक युवक को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर शव की तलाश में टीमें जुट गई।
पुलिस का कहना है कि घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। कॉल डिटेल्स, टैक्सी बुकिंग और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बरामदगी के आधार पर आगे की धाराएं तय की जाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक फरार आरोपितों को जल्द पकड़ने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं और मामले का खुलासा शीघ्र किया जाएगा।









